गढ़वा और पलामू में धान क्रय की समयसीमा 30 जून तक बढ़ाने की वकालत

झारखंड
Spread the love

  • पेयजल मंत्री मिथलेश ठाकुर ने मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र

रांची। पेयजल एंव स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गढ़वा और पलामू जिले में भारतीय खाद्य निगम द्वारा धान क्रय करने की समय-सीमा 30 जून, 2021 तक विस्तार करने का अनुरोध किया है। ज्ञात हो कि धान क्रय करने की समय सीमा 30 अप्रैल, 2021 तक निर्धारित थी। अचानक कोविड-19 के प्रसार एवं इसके भयानक स्वरूप और अन्य कारणों से गढ़वा एवं पलामू जिला में मात्र 35 प्रतिशत धान की खरीद ही हो पाई है। शेष धान अभी भी गोदामों के बाहर, धान क्रय केंद्रों और किसानों के पास पड़ा हुआ है।

मंत्री ने कहा कि गढ़वा एवं पलामू जिला पूर्ण रूप से कृषि पर ही निर्भर है। किसानों के पास आय के अन्य कोई साधन मौजूद नहीं है। विगत वर्ष धान की अच्छी पैदावार हुई है, परंतु धान की बिक्री नहीं होने के कारण अच्छी पैदावार का लाभ कृषकों को नहीं मिल पा रहा है। मंत्री ने कहा कि वैसे किसानों को उनकी हकदारी का भुगतान नहीं हो पायेगा, जिन्होंने खून-पसीना बहाकर और निजी निवेश कर धान उपजाया है।

मंत्री ने बताया कि गत वर्ष धान खरीदारी का परिणाम संतोषजनक था। इस बार भी धान की पैदावार अच्छी हुई है। शत-प्रतिशत किसानों का धान क्रय हो जाने से इस वर्ष भी परिणाम संतोषजनक रहेगा। इसलिए किसानों की स्थिति को देखते हुए एवं उनकी विशेष मांग पर गढ़वा एवं पलामू जिला में भारतीय खाद्य निगम द्वारा धान क्रय किए जाने की समय सीमा का अवधि विस्तार 30 जून, 2021 तक करने का अनुरोध किया है।