रांची। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर जनवितरण प्रणाली दुकानदारों के माध्यम से कार्डधारियों को राशन उपलब्ध कराने के संबंध में रांची जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने बैठक की। इसमें सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी राकेश वर्मा, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविन्द्र प्रसाद सिंह, पणन पदाधिकारी बिरेन्द्र कुमार सिंह, नगड़ी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्री प्रभु नारायण महतो उपस्थित थे।
विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने कहा कि कोरोना-19 महामारी का संक्रमण रांची जिला में काफी तेजी से फैल रहा है। इससे बचाव आवश्यक है। बैठक में जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को आवंटित खाद्यान्न वितरण के लिए कई निर्देश दिये गये।
ग्रामीण लाभुकों को खाद्यान्न प्राप्ति में किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला आपूर्ति हेल्प लाईन नंबर- 9798189436 जारी किया गया है। इस पर कोई भी व्यक्ति कार्यालय अवधि में (11-2 बजे तक) संपर्क कर अपनी समस्या का निराकरण प्राप्त कर सकते हैं। शेष समय में लाभुक/जन वितरण प्रणाली दुकानदार उक्त मोबाइल पर whatsapp या text message द्वारा अपनी समस्याओं को रखेंगे।
इन निर्देशों का पालन जरूरी
खाद्यान्न वितरण में सामाजिक दूरी का स्पष्ट पालन करना सुनिश्चित करेंगे।
मास्क का प्रयोग दुकानदार एवं लाभुक दोनों अनिवार्य रूप से करेंगे। यदि कोई लाभुक बिना मास्क के खाद्यान्न प्राप्त करने आता है तो उसे वापस मास्क के साथ आने का आग्रह करें। लाभुकों को सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए ही खाद्यान्न वितरण करेंगे।
दुकानदार खाद्यान्न वितरण करते समय लाभुकों का e_PoS मशीन पर अंगूठा का निशान लेने के पूर्व सेनिटाईजर का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
सभी आपूर्ति पदाधिकारी कोरोना महामारी के दौरान आवंटित खाद्यान्न का शतप्रतिशत लाभुकों के बीच वितरण कराना सुनिश्चित करें।