बिना मास्क और हेलमेट यात्रा करने वाले 95 लोगों से 58,500 रुपये की वसूली

झारखंड
Spread the love

  • जिला परिवहन पदाधिकारी ने चलाया मास्क चेकिंग अभियान
  • ऑटो चालकों को निर्धारित संख्या में यात्रि‍यों को बैठाने का आदेश

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्‍न इलाकों में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लगातार मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रांची उपायुक्‍त छवि रंजन और परिवहन विभाग के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को रांची डीटीओ प्रवीण प्रकाश ने रांची रेलवे स्टेशन, आईटीआई बस स्टैंड, खादगढ़ा बस स्टैंड  पर मास्क चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 58,500 रुपया जुर्माना वसूला। बिना हेलमेट के मोटर बाइक चलाने वाले 22 लोगों और बिना मास्क के यात्रा करने वाले 73 यानी 95 लोगों से यह दंड राशि के रूप में 58,500 रुपये वसूला गया।

यात्री कोविड प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करें

रांची डीसी छवि रंजन ने यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकॉल के मापदंडों का अक्षरशः पालन करें। जिला प्रशासन को कोविड संक्रमण की रोकथाम में सहयोग करें।

ऑटो रिक्शा चालक निर्धारित संख्या में यात्री बैठाएं

सभी ऑटो रिक्शा चालकों से कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल द्वारा निर्धारित संख्या में ही यात्रियों को बैठाएं। बिना मास्क के गाड़ी नहीं चलाएं। ना ही बिना मास्क के यात्रियों को ऑटो में बैठने की अनुमति दें।

रांचीवासियों से SMS का इस्तेमाल करने की अपील

डीसी ने कहा है कि कोविड अनुरूप उचित व्यवहार से ही हम कोरोना के खिलाफ जंग जीतने में कामयाब हो सकते हैं। इसीलिए रांचीवासी सजग और सतर्क नागरिक होने का परिचय दें। SMS यानी सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सेनिटाईजर का इस्तेमाल करें।