कोरोना से संगीतकार श्रवण राठौर का निधन

मनोरंजन
Spread the love

मुंबई। मशहूर संगीतकार श्रवण राठौर (66) का निधन हो गया है। वे कोरोना से संक्रमित थे। बीते कई दिन से अस्पताल में भर्ती थे। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। 90 के दशक में नदीम-श्रवण की जोड़ी काफी लोकप्रिय थी। दोनों की जोड़ी ने कई सुपरहिट फिल्मों के गानों का संगीत दिया था।

जानकारी के मुताबिक श्रवण राठौड़ को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद बीते शनिवार को मुंबई के एसएल रहेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना के अलावा भी उन्‍हें कई बीमारियां थीं। इसके कारण उनकी हालत लगातार गिरती रही और उनको बचाया नहीं जा सका।

1990 के दशक में बॉलीवुड में नदीम-श्रवण की जोड़ी खूब हिट थी। उनकी पहली फिल्‍म आशिकी थी, जिसका संगीत बहुत ज्यादा लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा- ‘साजन’, ‘सड़क’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘फूल और कांटे’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘रंग’, ‘राजा’, ‘धड़कन’, ‘परदेस’, ‘दिलवाले’, ‘अंदाज’, ‘बरसात’, ‘सिर्फ तुम’, जैसी फिल्मों में उन्होंने संगीत दिया।