विवेक चौबे
गढ़वा। वर्षों से बंद दो आंगनबाड़ी केंद्रों से सामग्रियों का लगातार उठाव हो रहा है। यह काम बाल परियोजना पदाधिकारी और सुपरवाइजर की मिलीभगत से चल रहा है। यह आरोप झामुमो नेता अनवर हुसैन अंसारी ने लगाया है। उन्होंने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस मामले की जांच कराने और कार्रवाई करने की मांग की है।
झामुमो नेता ने कहा है कि जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पतहरिया पंचायत के सड़की गांव में दो आंगनबाड़ी केंद्र फर्जी तरीके से चल रहे हैं। इसकी सेविका उषा देवी पति- इंदल और दूसरे आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका इंद्रलोक देवी पति-राजेश्वर पाल हैं। उक्त दोनों केंद्र वर्षों से बंद हैं। ना ही महिला, ना ही बच्चों को यहां से कोई लाभ मिलता है। फर्जी सूची बनाकर आंगनबाड़ी केंद्र चलाया जा रहा है।
अंसारी ने कांडी सीडीपीओ और सुपरवाइजर पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पदाधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत से उक्त केंद्र चलाये जा रहे हैं। फर्जी सूची तैयार कर सभी सरकारी सामग्रियों का उठाव वर्षों से किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव से उक्त आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर सेविकाओं पर कार्रवाई करने की मांग की है। सीडीपीओ और सुपरवाइजर को निलंबित करने की भी मांग की है।
इस फर्जीवाड़े की जानकारी उन्होंने समाज कल्याण व बाल विकास सचिव, मानव संसाधन सह राज्य परियोजना रांची, गढ़वा उपायुक्त, जिला समाज कल्याण व बाल विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी को भी दी है। हालांकि पदाधिकारियों ने आरोप को गलत बताया है।