
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता मेरा बूथ ‘वैक्सीन युक्त-कोरोना मुक्त’ के मूल मंत्र के साथ कार्य करेंगे। सभी जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पहले से जुटे हुए हैं। अब वैक्सीन के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ाने और कोरोना के साथ लड़ाई में भागीदारी बढ़ाएंगे। उक्त निर्णय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के नेतृत्व में राष्ट्रीय पदधारियों की वर्चुअल बैठक में हुआ।
मौके पर कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान सेवा है। हर परिस्थिति में भाजपा के कार्यकर्ता सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। कोरोना काल में भी भाजपा के कार्यकर्ता काफी सक्रिय हैं। अब वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने में भी भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास समेत अन्य राष्ट्रीय पदधारी उपस्थित थे।