मुंबई। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि 500 करोड़ रुपये के आरटीओ घोटाले में परब, खरमाटे और ढाकने के खिलाफ सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब, परिवहन आयुक्त अविनाश ढाकने और वर्धा के डिप्टी आरटीओ बजरंग खरमाटे पर करोड़ों रुपये के घोटाला का आरोप है। इसमें राज्य आरटीओ में अनैतिक और अवैध हस्तांतरण शामिल हैं। सीबीआई को इनसे पूछताछ करनी चाहिए।
सोमैया ने ठाकरे सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के आरटीओ परिवहन मंत्रालय में भ्रष्टाचार पसरा हुआ है। मंत्री अनिल परब के साथ मिलकर वर्धा के डिप्टी आरटीओ बजरंग खरमाटे ने गैरकानूनी तरीके से करोड़ों रुपये उगाही की। आपस में बांट लिये। उन्होंने कहा कि दो-दो महीने में कई अफसरों की बदली की। पच्चीस लाख से एक एक करोड़ तक की वसूली प्रमोशन के लिए की गयी।

भाजपा नेता ने कहा कि राज्य परिवहन मंत्री अनिल परब का एकमात्र काम अधिकारियों को स्थानांतरित करके धन जुटाना और सौदे करना रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों की अनुसार खरमाटे, डिप्टी आरटीओ वर्धा ने स्थानांतरण के लिए साल 2020 में 200 करोड़ रुपये एकत्र किये।
अनिल परब और अविनाश ढाकने की ओर से वर्ष 2021 के लिए 200 करोड़ के ऑर्डर में खरमाटे ने पहले ही धनराशि जमा कर ली है। इन अधिकारियों और मंत्री के बीच धन वितरित किया गया है। नासिक आरटीओ एजेंट के रूप में काम करते हैं। अविनाश ढाकने की ओर से पैसा इकट्ठा करते हैं। बजरंग खरमाटे ने मंत्री अनिल परब और कमिश्नर ढाकने के लिए पैसा इकट्ठा किया। उप परिवहन आयुक्त जितेंद्र पाटिल एक और महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
भाजपा नेता और पूर्व लोकसभा सांसद किरीट सोमैया ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने गवर्नर को पत्र लिखकर इस मामले की पूर्ण जांच करने की मांग की है।