रांची। युवा तैयार रहें। झारखंड की राजधानी रांची में 10 मार्च से सेना बहाली रैली शुरू हो रही है। रांची के मोरहाबादी मैदान में यह 30 मार्च, 2021 तक आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। झारखंड के सभी जिलों के युवक इसमें भाग ले सकते हैं।
सेना बहाली रैली की तैयारी का जायजा अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) लोकेश मिश्रा ने लिया। इस दौरान सिटी एसपी सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर श्रीमती समीरा एस, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश, एनडीसी केके अग्रवाल, ट्रैफिक डीएसपी, नगर निगम के एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था ने मोरहाबादी मैदान एवं आर्मी ग्राउंड में की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। सेना के संबंधित पदाधिकारी से उन्होंने रैली के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी को तैयारी पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रैली में आने वाले युवाओं की इंट्री, ठहरने की व्यवस्था, रिफ्रेशमेंट, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था के बारे में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने जानकारी ली।
कोविड-19 के दिशा निर्देशों के अनुपालन के लिए दोनों मैदानों में की गई व्यवस्था के बारे में भी संबंधित पदाधिकारियों को उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मोराबादी मैदान में की गई बैरिकेडिंग का पदाधिकारियों द्वारा भ्रमण कर जायजा लिया गया।
नगर निगम के पदाधिकारी को एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने मोबाइल टॉयलेट और साफ सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने का निर्देश दिया गया।