नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केंद्र सरकार ने महिलाओं को तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने देश के कई स्मारकों में 8 मार्च को महिलाओं के लिए नि:शल्क इंट्री का ऐलान किया है। पर्यटकों को भी खास दिन के लिए सुविधा दी गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इससे संबंधित आदेश भी जारी कर दिये।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने मुताबिक 8 मार्च को महिलाएं आगरा के ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत सभी स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश कर पाएंगी। बीते साल संस्कृति मंत्रालय ने महिलाओं को नि:शुल्क प्रवेश देने की सुविधा शुरू की थी, जिसे इस साल भी बढ़ाया गया है।
अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि मंत्रालय से आदेश आ चुका है। महिला दिवस पर भारतीय हों या विदेशी, सभी महिलाओं को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। स्मारकों में प्रवेश के लिए उन्हें टिकट बुक करने की जरूरत नहीं है। वहीं 10 से 12 मार्च तक ताजमहल में मुगल शहंशाह शाहजहां के 366वें उर्स पर पर्यटकों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। 10 और 11 मार्च को दोपहर 2 बजे के बाद और 12 मार्च को सुबह से शाम तक पर्यटक नि:शुल्क प्रवेश कर पाएंगे।
यही नहीं, तहखाना में स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों को भी देख सकेंगे। इसके बाद 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस पर भी पर्यटक ताजमहल समेत सभी स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश कर पाएंगे। इसके लिए भी एएसआई ने आदेश जारी कर दिया।