- जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुआ निर्णय
रांची। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 4 मार्च, 2021 को रांची सांसद संजय सेठ की अध्यक्षता में हुई। इसमें शादी के दौरान बारात ले जाने के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या के निदान के लिए समयसीमा और दूरी की सीमा तय करने का निर्णय लिया गया। इससे संबंधित बैनर लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान रिंग रोड पर स्थित झिरी कचरा डंपिंग यार्ड के पास कचरा ढोने वाले वाले गाड़ियों की ज्यादा बारंबारता को देखते हुए डिवाइडर के पास यू टर्न और ब्रेकर बनाने का प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया, ताकि सड़क दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

बैठक में बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर कमी आ रही है। ब्लैक स्पॉट की संख्या में भी लगातार कमी आ रही है। सड़क पर अनावश्यक रूप से मवेशियों के चरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर निगम को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।
बैठक में सांसद संजय सेठ ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान को लगातार प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। रांची जिला को 18 जनवरी से 17 फरवरी, 2021 के बीच सड़क सुरक्षा अभियान के बेहतर संचालन के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह रांची जिला के लिए गर्व की बात है।
महत्वपूर्ण सड़कों पर साईनेज लगाने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिया गया। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था, सुचारू रूप से ट्रैफिक संचालन इत्यादि पर भी विचार विमर्श किया गया।
सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्य करने का आदेश दिया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में रांची की मेयर आशा लकड़ा, रांची उपायुक्त छवि रंजन, ट्रैफिक एसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, झारखंड चैंबर, राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।