आजादी का अमृत महोत्सव पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का राज्यपाल करेंगी उद्घाटन

झारखंड
Spread the love

रांची। स्वतंत्रता के 75 वर्ष का समारोह पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 75 हफ्तों तक चलने वाले इस भव्य देशव्यापी महोत्सव की शुरुआत 12 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साबरमती आश्रम से दांडी मार्च की याद में निकाली गई पदयात्रा को हरी झंडी दिखा कर करेंगे।

इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के रीजनल आउटरीच ब्यूरो, रांची द्वारा खूंटी जिला प्रशासन के सहयोग से झारखंड के जननायक स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में देश और झारखंड राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों की विवरण सहित चित्र प्रदर्शनी 12 मार्च से 16 मार्च 2021 तक लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्‍यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी के साथ साथ पांचों दिन विभाग के सांस्कृतिक दलों द्वारा गीत एवं नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी।

राज्यपाल के अलावा इस समारोह में पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कड़िया मुंडा और खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी शिरकत करेंगे। झारखंड के साथ साथ देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी रैलियों, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 

प्रधानमंत्री के विचारों के अनुरूप आजादी के 75 वर्षों के इस समारोह के लिए आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में 130 करोड़ भारतीयों के विचार और भावनाओं को शामिल करने का प्रयास है।