भारत का अमृत महोत्सव पर श्रमिकों को दिये गये शर्ट और पैंट

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड की पंचायत चरघरा के गिधियो और पंचायत बलगो के ग्राम गनियाडीह में भारत का अमृत महोत्सव पर कानूनी जागरुकता सह साक्षरता शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। झालसा रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के अध्यक्ष वीणा मिश्रा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव संदीप कुमार बर्तम के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ।

इस अवसर पर पीएलवी कामेश्वर कुमार ने कहा कि कानून की जानकारी रखना हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। आदिवासी बहुल क्षेत्र में कानून की जानकारी के अभाव में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बाल श्रम, बाल विवाह, डायन भूत अधिनियम, मानव व्यापार, वनाधिकार इत्यादि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

पीएलवी सुबोध कुमार साव ने रांची झालसा द्वारा संचालित प्रोजेक्ट और योजना मानवता, श्रमेव वदंते, कर्तव्य, तृप्ति, आत्मनिर्भता, भुखमरी एवं कुपोषण से मुक्ति, चेतना और निरोगी भवः के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत पांच लाख रुपए तक इलाज कराने का प्रावधान है। प्रखंड श्रमिक मित्र सतीश कुमार राज ने श्रम विभाग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

पीएलवी महेंद्र प्रसाद वर्मा, सहदेव साव, रंजना सिन्हा, संतोष कुमार, नेमचंद प्रसाद वर्मा ने भी अपने विचार रखें। गिधियो में 10 लोगों को सुखा अनाज दिया गया। गनियाडीह के निबंधित 60 मजदूरों को शर्ट-पैंट का कपड़ा दिया गया। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि पिंकी हांसदा, सोमरी हांसदा ने भी विचार रखें।