असम दौरे के दूसरे दिन प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिला चाय श्रमिकों से की मुलाकात

अन्य राज्य
Spread the love

बिश्वनाथ (असम)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा असम दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को बिश्वनाथ जिला के सधारू टी एस्टेट का दौरा किया। इस दौरान टी एस्टेट के चाय बागान में काम कर रही महिला श्रमिकों के साथ बातचीत की।

चाय बागान में महिला श्रमिकों के साथ उन्होंने सांकेतिक रूप से चाय पत्ती को तोड़ते हुए महिलाओं की समस्याओं को समझने की कोशिश की। बाद में श्रमिकों के साथ बागान में ही बैठकर चर्चा की। उन्होंने राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर चाय बागान के मजदूरों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रियंका के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

बिश्वनाथ से वे सड़क मार्ग से शोणितपुर जिला मुख्यालय तेजपुर के लिए रवाना हो गयी। तेजपुर टाउन स्थित प्रसिद्ध महाभैरव मंदिर में पहुंचकर आशीर्वाद लेंगी। दोपहर को तेजपुर में कांग्रेस की आयोजित मेगा रैली को भी संबोधित करेंगी। रैली के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा तेजपुर हवाई अड्डे से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

प्रियंका 01 मार्च को गुवाहाटी पहुंची थीं और मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करने बाद उत्तर लखीमपुर जिला के लिए रवाना हुई। यहां उन्होंने कांग्रेस के चुनाव प्रचार कार्यक्रम ‘असम बचाओ’ में हिस्सा लेते हुए बेरोजगारी की समस्या पर आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उन्होंने लखीमपुर में एक जनसभा को भी संबोधित किया था।