केरल चुनाव : मेट्रो मैन BJP के CM उम्मीदवार, राहुल गांधी को लगा झटका

अन्य राज्य देश
Spread the love

केरल। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ केरल में राजनीति समीकरण बनते और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने मेट्रो मैन ई श्रीधरन को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया। वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बड़ा झटका लगा है। उनके संसदीय सीट से चार प्रमुख नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है।

जानकारी हो कि 2 हफ्ते पहले ही ई श्रीधरन ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। केरल में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने ई श्रीधरन के नाम की घोषणा मुख्य मंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में की।

चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी की संसदीय सीट वायनाड से 4 प्रमुख नेताओं ने पार्टी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य केके विश्वनाथन, केपीसीसी सचिव एमएस विश्वनाथन, डीसीसी महासचिव पीके अनिल कुमार और महिला कांग्रेस नेता सुजाया वेणुगोपाल ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। पीके अनिल कुमार तो लोकतांत्रिक जनता दल में शामिल हो गए।

प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य रहे केके विश्वनाथन ने आरोप लगाया कि वायनाड में बनी 3 सदस्यों की टीम के जरिए पार्टी को संचालित किया जा रहा है। एमएस विश्वानाथन ने कहा कि वायनाड में कांग्रेस की विफलता और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में की जा रही खुद की अनदेखी से आजिज आकर इस्तीफा दे रहे हैं।