IPL की तर्ज पर DPL, दिखेगा झारखंड के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ि‍यों का जलवा

खेल झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के तत्वावधान में पहली बार IPL की तर्ज पर DPL (दिव्यांग प्रीमियर लीग) का आयोजन किया जा रहा है। यह लीग दुबई और शारजाह में 7 से 16 अप्रैल के बीच खेला जाएगा। इसमें छह टीमें कोलकाता किंग फाइटर, गुजरात हिटर्स, राजस्थान राजवाडा, चेन्नई सुपर स्टार्ज, दिल्ली चैलेंजर्स और मुंबई आईडियल्स हिस्सा लेगी।

इस लीग में झारखंड के दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर से अपना जलवा दिखाने मैदान में उतरेंगे। मुकेश कंचन और वागिस त्रिपाठी दिल्ली से, विशाल नायक कोलकाता और राजू कर्मकार राजस्थान की टीम का हिस्सा हैं।

रांची के रातू रोड का पिस्का मोड़ निवासी वागीश त्रिपाठी कई राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इसमें हरियाणा में आयोजित आधार चैलेंज एस ट्रॉफी, चंदौली में मैक्सवेल चैलेंज एस ट्रॉफी, आगरा में क्रिकेट चैंपियनशिप खूंटी में वीर बिरसा मुंडा चैंपियनशिप, जयपुर में 12वीं नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप, लखनऊ में सीएसडी सहारा कप, बनारस में आर्य कप जैसे मैच शामिल हैं।

रांची के सुकुरहुडू ग्राम निवासी विशाल नायक का राजस्थान के जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के कारण चयन हुआ है। उन्होंने भी 12 टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन किया है।

राजू कर्मकार 16 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इसमें हरियाणा में आयोजित आधार चैलेंज एस ट्रॉफी, चंदौली में मैक्सवेल चैलेंज एस ट्रॉफी, आगरा में क्रिकेट चैंपियनशिप खूंटी में वीर बिरसा मुंडा चैंपियनशिप, जयपुर में 12वीं नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप, लखनऊ में सीएसडी सहारा कप, बनारस में आर्य कप शामिल हैं।

मुकेश कंचन एक बेहतर बल्लेबाज ही नहीं एक बेहतर क्षेत्र रक्षक, बेहतर बॉलर और बेहतर कप्तान भी हैं। ये दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल हैं। इन्होंने अभी तक 108 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट मैचों में अपना जलवा बिखेरा है।

सभी खिलाड़ी 1 अप्रैल को रांची से आगरा के लिए रवाना होंगे। वहां से 3 दिन के कैंप के बाद दुबई के लिए रवाना होंगे। बायोबबल के बाद 7 अप्रैल से मैच प्रारंभ होगा।

मुकेश कंचन ने बताया कि यह टूर्नामेंट दिव्यांगजनों के समावेश के दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। भारत में पुरुष क्रिकेट के अलावे अन्य क्रिकेट को उतना तवज्जो नहीं दि‍या जाता है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए भी इस तरह का कोई आयोजन आज तक नहीं किया गया है। ऐसे में जनता और संस्थाओं के सहयोग से इतना बड़ा आयोजन दिव्यांगता के प्रति लोगों का नजरिया भी बदलेगी। इस टूर्नामेंट के सीधा प्रसारण के लिए दो चैनलों के बीच में प्रतिस्पर्धा है, जो 31 तारीख तक तय हो जाएगी।