महिला दिवस से पहले एनएसएन ने कुरीतियों के खिलाफ चलाया हस्‍ताक्षर अभियान

झारखंड
Spread the love

रांची। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले 7 मार्च को रांची विश्‍वविद्यालय की एनएसएस इकाई ने रांची के मोरहाबादी स्थित नीलाम्बर-पीताम्बर पार्क (ऑक्सीजन पार्क) के मुख्य गेट के पास ‘डायन प्रथा, दहेज प्रथा एवं कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध, महिला सुरक्षा एवं लिंग समानता’ विषय पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। कार्यक्रम समन्वयक  डॉ ब्रजेश कुमार की देखरेख में कार्यक्रम हुआ। रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ कामिनी कुमार ने कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। अपनी शुभकामनाएं दी।

लगभग 950 बुजुर्ग, युवा एवं बच्चों ने अपना हस्ताक्षर करके इस अभियान का समर्थन किया। अभियान के दरम्यान कई बुजुर्ग ने अपना समर्थन देते हुए कहा कि शहर में इस प्रकार का कार्यक्रम आवश्यक है। गांवों में डायन के नाम पर खुलेआम नंगा तांडव हो रहा है। वहां एनएसएस द्वारा विशेष अभियान चलाने का सुझाव दिया। कई महिला एवं लड़कियों ने इन कुरीतियों के विरुद्ध एनएसएस के अभियान में शामिल होकर नारेबाजी भी की।

अभियान में द्वितीय वर्ग की छात्रा आरुणि ने महिला सुरक्षा और अन्य समस्याओं पर अपनी बातें रखीं। हस्ताक्षर अभियान में आरयू के विश्वविद्यालय के वनस्पति विभाग, अर्थशास्त्र विभाग, इतिहास विभाग, गणित विभाग, डोरंडा महाविद्यालय, रांची महिला महाविद्यालय, निर्मला कॉलेज, मारवाड़ी महाविद्यालय, शहीद शेख भिखारी बीएड कॉलेज, आरटीसी बीएड कॉलेज के 55 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने में कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती, एनएसएस के टीम लीडर्स दिवाकर, फलक फातिमा, नेहा, दीपा, प्रिंस, सुमित, प्रभात, पवन, जमील, शालू, सूरज, नवीन, अनिता, चित्रालया, तबस्सुम, अवधेश आदि का योगदान रहा।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आरयू की इंटरनल कमेटी (महिला शिकायत निवारण कोषांग) और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्‍त तत्वावधान में आरयू मुख्यालय परिसर से सुबह 8 बजे से महिला जागरुकता रैली निकाली जाएगी। रांची की महापौर श्रीमती आशा लकड़ा और कुलपति डॉ कामिनी कुमार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेगी।