काम का झांसा देकर बीस नाबालिग लड़कियों को बनाया बंधक, ऐसे हुई मुक्‍त

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। नेटवर्किंग कंपनी में काम दिलाने के नाम पर जिले के गोमिया प्रखंड लगभग एक साथ बीस नाबालिग लड़कियों को रांची में बंधक बनाया गया। इसमें गोमिया प्रखंड अंतर्गत जरकुंडा की दो, चिदरी की चार, कोनार डैम की एक, बलकमका की एक, तुलबुल की एक और चैनपुर की एक लड़की भी शामिल थीं।

इस बात की जानकारी होसिर के भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति को हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्‍होंने इसकी सूचना रांची हिन्दू राष्ट्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार मिनोचा को दूरभाष पर दी। श्री मिनोचा ने रांची एसपी और सि‍टी डीएसपी के सहयोग से छापेमारी कर सभी लड़कियों को मुक्‍त कराया। इस मामले में विष्णुगढ़ थाना के अचलगामु निवासी अविनाश कुमार सहित उसके तीन अन्य सहयोगियों को रांची से गिरफ्तार किया।

मुक्‍त कराई गई सभी लड़कियों को शुक्रवार को रांची से गोमिया होसिर रथटांड स्थित भाजपा नेता के आवास में लाया गया। फिर सभी के परिजनों को सौपा दिया गया। इस मामले पर नाबालिग लड़कियों के लिखित आवेदन पर पुंदाग ओपी में मामला दर्ज कराया गया है।

मुक्त लड़कियों ने बताया कि जनवरी में कोनार डैम निवासी काजल कुमारी, राधिका कुमारी ने रांची की एक नेटवर्किंग कंपनी अल्ट्रा वल्ड इंटरनेशनल प्राइवेट कंपनी में ऑनलाइन मार्केटिंग, कपड़ा पैकिंग और कम्प्यूटर सीखने की बात कहकर बुलाया। वहां पहुंचने पर कंपनी का आईडी कार्ड बनाने और अन्य सुविधा के लिए प्रत्येक लड़कियों से पांच-पांच हजार रुपये भी लिये गये। पैसे देने के बाद कोई काम नहीं दिया गया। वेतन भी नहीं मिला। कंपनी के अविनाश, काजल तथा राधिका से वेतन की मांगने पर कहने लगे कि किस बात का पैसा मिलेगा। उसके बाद सभी को एक कमरे बंद कर दिया। केवल दो टाइम खाना मिलता था, जो बाहर से आता था। परिवार के लोगों से बात भी नहीं करने दिया जाता था। किसी तरह गुरुवार को छत पर चढ़कर मामले की जानकारी घर वाले को दी। उसके बाद पुलिस की मदद से हमलोगों को छुडाया गया।

इस संबंध में भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति ने कहा कि झारखंड में नौकरी दिलाने के  नाम पर गिरोह चलाया जा रहा है। इसके झांसे में आकर भोले भाले लडके-लड़कियों ठगी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने झारखंड सरकार से ऐसे जालसाज कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रांची से लड़कियों को लेकर आये हिन्दू राष्ट्र सेना के प्रदेश सचिव पंकज प्रजापति ने कहा रांची में इस तरह ठगी करने वाला गिरोह काफी सक्रिय हैं। प्रत्यक्ष और प्ररोत्यक्ष रूप से पुलिस का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर इन लड़कियों के बंधक बनाने की सूचना नहीं मिलती तो किसी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था।