इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में भाग लें, चीन जाने का मिलेगा मौका

झारखंड
Spread the love

रांची। केंद्र सरकार कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) प्रतिभाओं को मंच देगा। इसके लिए उसने ‘इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2021’ के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने की घोषणा की। आवेदक 28 फरवरी तक आवेदन दे सकते हैं। विजेताओं को चीन जाने का मौका मिलेगा।

देश में प्रतिभाओं को खोजने के लिए द्विवार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जो उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। उम्मीदवार राज्य प्रतियोगिताओं के लिए स्किल इंडिया की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकृत उम्मीदवारों को 47 प्रकार के कौशल में राज्यीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चित्रकला, चिनाई, वेब टेक्नोलॉजी, फैशन टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के लिए अनिवार्य पात्रता मानदंड है कि मेक्ट्रोनिक्स, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वॉटर टेक्नोलॉजी और इन्फार्मेशन नेटवर्क केबलिंग के अलावा सभी प्रकार के कौशल के लिए प्रतिभागियों का जन्म 1 जनवरी, 1999 या उसके बाद का होना चाहिए। मेक्ट्रोनिक्स, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वॉटर टेक्नोलॉजी और इन्फार्मेशन नेटवर्क केबलिंग के लिए पात्रता मानदंड है कि प्रतिभागियों का जन्म 1 जनवरी, 1996 या उसके बाद का होना चाहिए। पंजीकरण 28 फरवरी, 2021 को बंद हो जायेंगे।

पंजीकरण प्रक्रिया बंद होने के बाद कौशल प्रतियोगिताएं जिला, राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के क्षेत्रीय चरणों को पांच जोन में आयोजित किया जाएगा। दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन राज्यों द्वारा किया जाएगा। इंडिया स्किल्स 2021 के विजेताओं को चीन के शंघाई में 2022 में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।