
पटना। बिहार के नए मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह होंगे। इस बाबत रविवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई। जारी आदेश के मुताबिक अरुण कुमार सिंह मुख्य सचिव और आमिर सुबहानी को विकास आयुक्त बनाया गया है। अधिसूचना के अनुसार राज्य में 6 आईएएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
आईएएस अरुण कुमार सिंह सोमवार को पदभार संभालेंगे। 1985 बैच के आईएएस अरुण सिंह बिहार के पश्चिम चंपारण के रहनेवाले हैं। वे इसी साल 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
इससे पहले अरुण सिंह विकास आयुक्त के अलावा बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक का पद भी संभाल रहे थे। मुख्य सचिव अरुण सिंह काफी सालों तक जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा पथ निर्माण विभाग और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में भी सचिव रहे हैं।