अंत्योदय और आत्मनिर्भर भारत को समर्पित बजट : दीपक प्रकाश

झारखंड
Spread the love

रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्रीय बजट के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्‍होंने कहा कि यह बजट भारत के इतिहास में ऐतिहासिक महत्व का बजट है। कहा कि कोरोना की विपरीत परिस्थितियों में जान और जहान दोनों की चिंता यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे करिश्माई नेतृत्व से ही संभव है।

श्री प्रकाश ने कहा कि यह बजट एक तरफ आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने वाला है। भारत के सर्वांगीण विकास के मार्ग को भी प्रशस्त करने वाला बजट है। बजट में भारत के समग्र विकास की सोच है। आत्मनिर्भर भारत पैकेज के साथ पूर्वोत्तर कॉरिडोर के माध्यम से झारखंड के विकास की असीम संभावनाएं इस बजट में समाहित है, जिसका लाभ प्रदेश की सरकार को लेना चाहिये।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, मजदूर को समर्पित बजट है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था केंद्रित बजट प्रस्तुत किया है। इसमें खेती किसानी को मजबूत करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने का विजन है। बिना कोई नया कर भार लगाए देश के 135 करोड़ की आबादी के लिये दवाई, सिचाई, पढ़ाई के साथ नए रोजगार के अवसर पैदा करना यह कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है।

प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह बजट देश के किसान, गरीब, महिला एवं युवा शक्ति के लिये नया सवेरा लेकर आया है। इसमें सामर्थ्य भी है। विकास की समझ भी है और असीम संभावनाएं भी है। यह बजट सर्व स्पर्शी सर्वव्यापी और सर्व समावेशी बजट है।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सुनील  सिंह ने कहा कि यह बजट भारत निर्माण का बजट है। यह अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाला युवाओं के लिये अवसर पैदा करने वाला, सुधारों को बढ़ावा देने वाला और आत्मविश्वास भरने वाला बजट है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं झारखंड के केंद्रीय मीडिया प्रभारी सांसद जफर इस्लाम ने कहा कि यह बजट बढ़ता भारत, बदलता भारत का बजट है। इसमें रोजगार की असीम अवसर पैदा होंगे। गरीबी को तेजी से दूर करने में सहायक सिद्ध होगा।