सर्दी बढ़ी, कांके का न्‍यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्‍स‍ियस दर्ज

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। राजधानी रांची से सटे कांके क्षेत्र का न्‍यूनतम तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा रही है। 16 जनवरी को पारा गिरकर 3 डिग्री सेल्‍स‍ियस हो गया। 15 जनवरी को तापमान गिरकर 4.5 डिग्री सेल्‍स‍ियस रिकॉर्ड किया गया था। 14 जनवरी को न्‍यूनतम तापमान 5.3 और 13 जनवरी को को न्‍यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्‍य‍ियस दर्ज किया गया था। तापमान में गिरावट आते जाने से कनकनी बढ़ गई है।

उत्‍तर भारत का प्रभाव

बिरसा कृषि विश्‍वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग के अध्‍यक्ष डॉ ए वदूद के मुताबिक तापमान में उत्‍तर भारत में मौसम में आये बदलाव का असर है। वहां से ठंढी हवा इस ओर आ रही है। इसके अलावा यह हवा का भी असर है। हवा तेज गति से चल रही है। इसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज किया गया।

ये रही हवा की गति

बिरसा कृषि विश्‍वविद्यालय के मुताबिक 13 जनवरी को हवा 2.6 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही थी। 14 जनवरी को हवा की रफ्तार 3.3 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई। 15 जनवरी को 2.2 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चल रही थी। इसी तरह 16 जनवरी को हवा की गति 4.2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

कम रहता है तापमान

सामान्‍य तौर पर झारखंड की राजधानी रांची के शहरी इलाकों से कांके क्षेत्र का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है। दोनों के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्‍स‍ियस तक का अंतर देखा जाता है।

सावधान रहने की जरूरत

तापमान में आ रही कमी को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्‍चे और बूढ़ों का खास तौर पर ख्‍याल रखने की जरूरत है। बूढे सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्‍चों को पूरी तरह ढंककर रखें।