झारखंड के कई जिलों में 4‍ डि‍ग्री सेसि तक गिरेगा तापमान

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड के विभिन्‍न जिलों में आकाश छाया बादल छंट जाएगा। अगले 24 घंटों में राज्य के जिलों के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। दो दिनों तक कई जिलों में हल्के से मध्‍यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। यह जानकारी मौसम विभाग ने 29 जनवरी को जारी बुलेटिन में दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह जिलों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शनिवार इन जिलों के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। रविवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 फरवरी के बीच सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आकाश साफ हो जाएगा। आने वाले तीन-चार दिनों के दौरान पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी रांची सहित कई जिलों में मौसम ने करवट ली। कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक जमशेदपुर में 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची, लोहरदगा सहित कई जिलों में छिटपुट बारिश हुई।