सोशल मीडिया पर सिनेमा घर को बम से उड़ाने की सूचना, हड़कंप

उत्तर प्रदेश मुख्य समाचार
Spread the love

मथुरा। सोशल मीडिया के फ्लैटफार्म ट्विटर हैंडिल पर शुक्रवार दोपहर अज्ञात व्यक्ति ने रूपम सिनेमा घर को बम से उड़ाने की धमकी दी। इस ट्वीट के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सिनेमा घर को खाली कराने के बाद जांच की और सूचना फर्जी पायी गयी। अब पुलिस सर्विलांस की मदद से ट्वीट करने वाले युवक की तलाश में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक नगर एमपी सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के ट्वीटर पर आज एक ट्वीट आया। इसमें गोविन्दनगर थाना क्षेत्र स्थित रूपम सिनेमाघर को बम से उड़ाने की सूचना प्रसारित हुई। यह ट्वीट स्थानीय पुलिस के अलावा, डीजीपी, यूपी पुलिस को भी टैग किया गया था।

बम होने की सूचना मिलने के बाद मथुरा पुलिस हरकत में आ गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पूरे सिनेमाघर को खाली कराया गया। तलाशी ली गई। करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी में बीडीएस की टीम को कुछ नहीं मिला। सूचना झूठी निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बीडीएस प्रभारी एसआई बीरेंद्र सिंह ने बताया कि सिनेमाघर में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। किसी ने गलत सूचना दी है। एसपी सिटी ने बताया ट्वीट करने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है।