योगेश कुमार पांडेय
गिरिडीह। जिले के जमुआ स्थित इंदिरा गांधी उच्च विद्यालय परिसर में भाजपा का दो दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर 13 जनवरी से शुरू हुआ। इस अवसर पर कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, जमुआ विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा भी उपस्थित थे। कोडरमा सांसद ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। वैश्विक महामारी में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के तहत आम लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया, जो अनुकरणीय है।
सांसद ने कहा कि पूरे देश में भाजपा द्वारा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कड़ी में यहां भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने गांव और पंचायत में जाकर अन्य लोगों को प्रशिक्षित करने का कार्य करेंगे। प्रशिक्षण में मुख्यतः 9 विषय पर चर्चा होनी है। हर एक प्रशिक्षक द्वारा अलग-अलग विषय पर चर्चा की जा रही है। जनसंघ काल में एक वक्त ऐसा भी आया कि पूरे देश में दो ही सांसद चुने गए थे। आज 303 सांसद हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय के पद चिन्हों पर चल कर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब और महिलाओं के प्रति समर्पित है। प्रधानमंत्री ने आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वरोजगार योजना समेत अनेक योजनाएं आम जनों को राहत पहुंचाने का काम किया।
विधायक केदार हाजरा ने कहा कि आने वाला समय में कांग्रेस मुक्त भारत होगा। जनसंघ काल से लेकर भाजपा ने अब तक एक लंबा सफर तय किया है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर अन्य जगह पर प्रशिक्षक बनाकर भेज सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में देश की संस्कृति और सुरक्षा को ध्यान रखकर काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तक घर-घर में नल के द्वारा जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। वैश्विक महामारी के दौर में भी केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के दौरान लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया। अप्रैल से नवंबर तक केंद्र सरकार ने हर लोगों को अनाज मुफ्त में देने का काम किया। जनधन के खाते में राशि दी गई। उज्जवला योजना के तहत लाभुकों को लाभ पहुंचाया गया। आयुष्मान योजना के तहत गरीबों के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह ने की। मंच संचालन महेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रदीप शर्मा, प्रकाश सेठ, दुर्गा वर्मा, दिनेश यादव, दारा हाजरा, साहेब महतो, कृष्णदेव राय, जनार्दन राय, बैजनाथ यादव, सुरेश राय, राजेंद्र यादव, परमेश्वर यादव, उमा शंकर चरण पहाड़ी, रविंद्र यादव, प्यारी राणा, रविशेक कुमार, अनिल रजक, सदानंद साव, अनंत साव, दयानंद राय सहित अन्य मौजूद थे।