- राज्य के दक्षिणों भागों के जिलों का गिरेगा पारा
- कई जिलों में सुबह कोहरा और धुंध छाया रहेगा
रांची। झारखंड में सर्दी का सितम जारी है। तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रांची का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और राजधानी से सटे कांके का 3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आने वाले 48 घंटों में राज्य के दक्षिणी भागों में स्थित जिलों के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शेष भागों में कोई बड़े बदलाव नहीं होगाहै। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रांची सहित कई शहरों के तापमान में 24 घंटों में गिरावट दर्ज की गई है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में दी है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान कहीं-कहीं पर सुबह में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध छाया रहेगा। राज्य के दक्षिणी भागों में स्थित जिलों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसका प्रभाव पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां में पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 17 से 22 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह में कहीं-कहीं धुंध रहेगा। उसके बाद यह साफ हो जाएगा।
बीते 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग में एक-दो जगहों पर शीत लहर की स्थिति रही। सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान रांची में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभिन्न शहरों का न्यूनतम तापमान
रांची : 6.3
जमशेदपुर : 11.0
डालटेनगंज : 6.8
बोकारो : 8.6
चाईबासा : 8.0
दुमका : 11.4
पाकुड़ : 9.6
(तापमान एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग के हैं)