अमेरिका। व्हाट्सएप यूजर्स टेंशन नहीं लें। किसी का भी अकाउंट सस्पेंड या डिलीट नहीं होगा। विवाद और हंगामे के बाद व्हाट्सएप ने अपनी पॉलिसी में बदलाव किया है। उसने फिलहाल अपनी पॉलिसी में होने वाले बदलाव को टाल दिया है। अब 8 फरवरी तक उस पॉलिसी को स्वीकार नहीं करने पर भी व्हाट्सएप पर बैन नहीं लगेगा। यह चलता रहेगा।
जानकारी हो कि कंपनी 8 फरवरी से अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी लागू करने वाली थी। इसके लिए यूजर्स को एक Terms & Conditions का मैसेज पॉप-अप हो रहा था। यूजर्स को इसे स्वीकार करना था। कंपनी की इस पॉलिसी का व्यापक विरोध हुआ था। इसके बाद कंपनी ने कहा कि हमारे होने वाले प्राइवेसी पॉलिसी में बदलाव को लेकर यूजर्स के बीच कई सवाल और कंफ्यूजन है। इसके कारण फिलहाल इसे स्थगित किया जा रहा है, ताकि यूजर्स को इसे रिव्यू करने और समझने के लिए थोड़ा समय मिल सके।
कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में कहा, हम तारीख को पीछे खिसका रहे हैं। 8 फरवरी को किसी का भी अकाउंट सस्पेंड या डिलीट नहीं होगा। इसके साथ ही हम व्हाट्सएप की प्राइवेसी और सिक्यूरिटी को लेकर फैल रही गलत जानकारियों को लोगों के सामने स्पष्ट करने के लिए काम कर रहे हैं। व्हाट्सएप ने हाल ही में अपने यूज़र्स को सेवा की शर्तों और गोपनीयता की नीति के बारे में अपडेट देना शुरू किया था। व्हाट्सएप ने इसमें बताया था कि वह कैसे यूजर्स के डेटा को प्रोसेस करती है। डेटा फेसबुक के साथ शेयर करती है।
इतना ही नहीं अपडेट में ये भी कहा गया कि व्हाट्सएप की सेवाओं का इस्तेमाल जारी रखने के लिये यूजर्स को 8 फरवरी, 2021 तक नई शर्तों और नीति को स्वीकार करना होगा। वरना आगे यूजर्स व्हाट्सएप का यूज नहीं कर पाएंगे।