- सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल ऑफ आईसीएआई का 10 हजार यूनिट खून जमा करने का लक्ष्य
रांची। सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल ऑफ आईसीएआई COVID-19 महामारी में सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रांची सहित 7 राज्यों की 47 शाखा और 23 चैप्टर के साथ 101 स्थानों पर 14 जनवरी रक्तदान अभियान का आयोजन कर रहा है। पूरे रिजन में यह प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इसमें 7 राज्यों के छात्र, सदस्य और अन्य लोग को रक्तदान देने के लिए प्रोत्साहित किये जाएंगे।
काउंसिल के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सोमानी ने आईसीएआई रांची में प्रेस से उन्होंने कहा कि रक्तदान अभियान का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ आईसीएआई के अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता और उपाध्यक्ष निहार निरंजन जंबूसरिया करेंगे। सीआईआरसी की सात राज्यों की सभी 47 शाखाओं एवं 23 चैप्टर में 100 से अधिक सांसद, विद्यायक और मंत्री भी इस अभियान में हिस्सा लेंगे। पूर्व में भी सीआईआरसी द्वारा 1 जुलाई, 2014 को इसी प्रकार का मेगा ब्लड डोनेशन अभियान किया गया था। उस रक्तदान अभियान को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।
श्री सोमानी ने बताया कि COVID -19 के इस विषम परिस्थिति में ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गयी है। इसे देखते हुए सीआईआरसी के चेयरमैन ने यह महसूस किया कि वृहद स्तर पर ब्लड डोनेशन का आयोजन किया जाना चाहिए। अभियान में 10 हजार यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 8 जनवरी को रायपुर और 9 जनवरी को इंदौर की ब्रांचों का दौरा कर इस अभियान को गति प्रदान करेंगे।
रांची शाखा की अध्यक्ष मनीषा बियानी ने बताया की इसी माह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए एक सब-रीजनल कांफ्रेंस का भी आयोजन किया जायेगा। रांची ICAI भवन में जीएसटी हेल्प डेस्क का उद्धघाटन भी अध्यक्ष देवेंद्र सोमानी ने किया है। इसका लाभ रांची और आसपास के कोई भी व्यापारी या जीएसटी के अन्य स्टेकहोल्डर्स यहां आकर नि:शुल्क ले सकते हैं। इस जीएसटी हेल्प डेस्क में हर सप्ताह शनिवार को शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक जीएसटी के एक्सपर्ट उपस्थित रहेंगे।
मौके पर रांची शाखा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, सचिव प्रभात कुमार, कोषाध्यक्ष पंकज मक्कड़, कार्यकारिणी सदस्य निशा अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष संदीप जालान और विनोद पांडेय उपस्थित थे। इंस्टिट्यूट के धनबाद ब्रांच के अध्यक्ष सीएस चावला ने भी संबोधित किया।