कोडरमा : ट्रक से 10 बोरा गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद 10 बोरा गांजा की कीमत 15 लाख से अधिक बताई जाती है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोडरमा एसपी डॉ एहतेशाम वकारीब ने रविवार को चंदवारा थाना में प्रेसवार्ता कर उक्त जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक (पीबी23जे 7541) को मदनगुण्डी के पास रोककर जांच की गई। ट्रक की तलाशी के दौरान डाले में बने एक विशेष बॉक्स से 10 बोरे में रखे लगभग 247 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई गई है। अवैध गांजे को ट्रक में बने विशेष बॉक्स में काफी चतुराई के साथ छुपाकर ले जाया जा रहा था। थाना प्रभारी सोनी प्रताप ने इसकी सूचना विभाग के वरीय पदाधिकारी को दी।

मौके पर पहुंचे डीएसपी संजीव कुमार ने गिरफ्तार चालक व उप चालक से गांजा के संबंध में पूछताछ की। इस बाबत कोई कागजात नहीं प्रस्तुत किया गया। वहीं दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें शमशाद खान, फतेहगढ़ (पंजाब) और गुरमीत सिंह, फरीदकोट (पंजाब) शामिल हैं। एसपी श्री वकारीब ने बताया कि गांजा को उड़ीसा के संबलपुर से आगे सोनपुर से लोड कर बिहार शरीफ ले जा रहे थे। उक्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। वहीं गिरफ्तार लोगों के पास से 2 मोबाइल और 8 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। यहां उल्लेखनीय हो कि जिले में कई लोगों द्वारा अवैध तरीके से गांजा का व्यवसाय करने की जानकारी मिली है। बिहार के कई इलाकों में भी कोडरमा होकर गांजा की सप्लाई की जाती है।