रांची। रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तीन स्वयंसेवकों का चयन गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2021, नई दिल्ली के लिए हुआ है। यह शिविर 1 जनवरी से 31 जनवरी, 2021 तक आयोजित है। इनके चयन पर रांची विश्वविद्यालय उत्साहित है।
विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम के समक्ष कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय और एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने तीनों स्वयंसेवकों को ट्रैक सूट, सफेद शर्ट पैंट, जूता, गर्म कपड़े, मास्क-सेनिटाइजर आदि देकर सम्मनित किया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि तीनों से रांची विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा जुड़ी है। गणतंत्र दिवस परेड पर 26 जनवरी, 2021 को राजपथ में शामिल होकर अपने दम-खम के साथ विश्वविद्यालय और झारखंड को गौरवान्वित करें। उन्होंने कहा कि राजपथ पर परेड करना सबकी इच्छा होती है, परंतु झारखंड से 6 का ही चयन होता है। उन्होने आरडी परेड जाने वाले स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, राज्य एवं जोनल स्तरीय परेड शिविरों के माध्यम से गणतंत्र दिवस परेड शिविर का चयन होता है। यह एनएसएस का सर्वोच्च कार्यक्रम होता है। उन्होंने तीनों स्वयंसेवकों को अपनी शुकामनाएं देते हुए कहा कि आप अपनी प्रतिभा, देश भक्ति और अनुशासन के माध्यम से नए कृतिमान स्थापित करेंगे।
सम्मानित होने वाले तीनों स्वयंसेवकों क्रमशः सुषमा कच्छप (रांची महिला महाविद्यालय, रांची), पूजा कुमारी सिंह (निर्मला महाविद्यालय, रांची) और सूरज उपाध्याय ( डोरंडा महाविद्यालय, रांची) हैं। इस अवसर पर एनएसएस टीम लीडर्स क्रमशः दिवाकर आनंद, सुमित तिवारी और दीपक गुप्ता उपस्थित थे।