विवेक चौबे
गढ़वा । अगर आप प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल आते हैं तो साथ में प्लास्टिक नहीं लाएं। यहां प्लास्टिक पर बैन लगा दिया गया है। यह नियम नए साल से लागू किया जा रहा है। यह तीर्थ स्थल जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सरकोनी पंचायत में स्थित है। यहां दूर-दूर से लोग आते हैं।
झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि तीर्थ स्थल को पूर्ण रूप से स्वच्छ व साफ-सुथरा रखने के लिए पुनः यह कदम उठाया गया। तीर्थ में पॉलीथीन और प्लास्टिक के थैले का उपयोग नहीं करना है। यह नियम नये वर्ष से लागू होगा।
श्री सिंह ने कहा कि सतबहिनी झरना तीर्थ में शादी, विवाह, पिकनिक व अन्य कार्यक्रम के दौरान लोगों द्वारा प्लास्टिक और पॉलीथिन सहित थर्मोकोल के प्लेट-ग्लास का उपयोग कर इर्द-गिर्द फेंक दिया जाता है। यहां गंदगी नहीं फैले, इस पर सभी लोग ध्यान रखें। देव स्थल को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने की जिम्मेवारी हम सभी की है।