सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी को भेजा गया नोटिस अपमानजनक : मरांडी

झारखंड
Spread the love

रांची। भाजपा नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी और फैशन इंडस्ट्री की संचालिका अनामिका गौतम को झारखंड पुलिस द्वारा भेजा गया नोटिस अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार राजनीतिक विद्वेष से ऐसी कार्रवाई कर रही है।
श्री मरांडी ने कहा कि किसी प्रतिष्ठित महिला के साथ ऐसे अपमानजनक पत्राचार की हिम्मत देवघर पुलिस प्रशासन ने कैसे की? मुख्यमंत्री को इसका जवाब देना चाहिये।
श्री मरांडी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह नोटिस मुख्यमंत्री की जानकारी में नही होगा, लेकिन यह उनकी जानकारी में हुआ है और वे पत्र के मजमून से इत्तेफाक रखते हैं तो जनता इसका जवाब देगी। मुख्यमंत्री को इसका हिसाब देना होगा और यह लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
श्री मरांडी ने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से नेताओं के परिजनों को घसीटना और पुलिस का स्वयं को अदालत मान लेना यह दर्शाता है कि झारखंड में राजनीतिक विरोधियों को पुलिस के द्वारा साधने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस तरह के कार्य को तुरंत बंद किया जाए, ताकि लोकतंत्र की गरिमा बची रहे। पुलिस द्वारा इस तरह के कार्य कराना राजनीतिक पतन को दर्शाता है।