योगेश कुमार पांडेय
गिरिडीह। मृतक प्रवासी मजदूर के परिजनों की झारखंड एकता समाज ने आर्थिक मदद की। दुर्घटना में ग्राम खोटो निवासी अप्रवासी मजदूर लालजीत यादव की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिजनों के समक्ष विषम परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। झारखंड एकता समाज ने घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
समाज के केंद्रीय अध्यक्ष जीत यादव ने सचिव राजू यादव के नेतृत्व में चार हजार रुपये की आर्थिक मदद परिवार को की। आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया। केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सभी वर्ग के अभिवंचितों को भेदभाव रहित यथासंभव सहयोग करना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है।
झारखंड एकता समाज अप्रवासी मजदूरों के हक,अधिकार को लेकर हमेशा मुखर रूप से आंदोलित रहा है। किसी अप्रवासी की मौत बाहर में हो जाती है, तो सरकार की ओर से मदद की कोई पहल नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों को सिर्फ चुनाव के दौरान ही अप्रवासी मजदूर की याद आती है।
कोविड-19 के कारण रोजगार छीन जाने से बेरोजगार होकर घर लौटे अप्रवासी मजदूरों की समस्या के समाधान के लिए सिर्फ दिवास्वप्न दिखया गया। मुखिया तो निष्क्रिय रहे। आसन्न पंचायत चुनाव में अप्रवासी मजदूर, पलायन, रोजगार मुद्दा बनेगा। ऐसे जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध मोर्चा खोला जायेगा। मौके पर राजू यादव, सुनील यादव, विकास यादव, विजय यादव, बिनोद यादव सहित समाज के अन्य मौजूद थे।