- सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय सीएम हैं हेमंत सोरेन
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय हैं। ट्वीटर पर उनके फॉलोअर की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में यह 5 लाख के पार हो गई है। महज एक साल में साढ़े चार लाख से अधिक फॉलोअर्स बढ़े हैं।
सोशल मीडिया पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। सीएम पद की शपथ लेने से पहले 27 दिसंबर, 2019 को ट्वीटर पर श्री सोरेन के 32 हजार फॉलोअर थे। एक साल बाद यानी 27 दिसंबर, 2020 को फॉलोअर की संख्या 5.14 लाख हो गई है। इसमें करीब 16 गुना का इजाफा हुआ है। ट्वीटर पर इनके फॉलोअर की संख्या छह माह में बढ़कर 3.95 लाख (13 गुना अधिक) हो गयी थी।

आंकड़े बताते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्रियों की तुलना में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय सीएम हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फॉलोअर की संख्या 5 लाख से अधिक है। लोकप्रियता के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास इनके बाद आते हैं। उनके फॉलोअर की संख्या 3.47 लाख है। अर्जुन मुंडा के फॉलोअर की संख्या 1.45 लाख है। बाबूलाल मरांडी की फॉलोअर की संख्या सबसे कम है। उनके फॉलोअर की संख्या लगभग 90 हजार है।
मुख्यममंत्री हेमंत सोरेन के फॉलोअर्स की संख्या में बढ़ोतरी की वजह उनका सोशल मीडिया पर अत्यधिक सक्रिय रहना बताया जाता है। उनकी ओर से हर दिन एक दर्जन से ज्यादा ट्वीट किये जाते हैं। इसमें मुख्यमंत्री की गतिविधियों की जानकारी रहती है। सोशल मीडिया पर जनता से मिलने वाली शिकायत पर कार्रवाई का निर्देश भी वह उसी माध्याम से अधिकारियों को देते हैं।