भारत बंद का झारखंड सहित देशभर में असर, महिलाएं भी उतरी सड़क पर

झारखंड
Spread the love

रांची । किसानों के समर्थन में 8 दिसंबर को आहूत भारत बंद का झारखंड सहित देशभर में असर दिख रहा है। जगह-जगह प्रदर्शन किये जा रहे हैं। कई जगहों पर रेल भी रोकी गई है। महिलाएं भी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। झारखंड में बदं से एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और आपातकालीन सेवाओं को मुक्‍त रखा गया है।

झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्‍य में इसका असर दिख रहा है। पलामू में किसानों के समर्थन में विभिन्‍न दलों के लोग सड़क पर उतर गये हैं। डालटनगंज के छह मुहान चौक, रेड़मा चौक, शदिक मंजिल चौक समेत विभिन्न जगहों पर सड़क जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बंद की वजह से सभी छोटी बड़ी वाहनों का परिचालन बंद है। विभिन्न राजनीति दलों के नेता बैनर पोस्टर के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। किसान यूनियनों ने देशभर में भारत बंद का आवाह्न किया है। कल केंद्र सरकार और किसानों के बीच छठे दौर की वार्ता होगी।

कर्नाटक में भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस ने विधान सौध में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों के भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के भारत बंद के समर्थन में प्रयागराज में रेल रोकी।

आंध्र प्रदेश में कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में विशाखापट्टनम में लेफ्ट पार्टियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

पंजाब के अमृतसर में भारत बंद के समर्थन में दुकानें बंद दिखीं। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव ने बताया कि दुकानें लगभग बंद है। इमरजेंसी सेवा बहाल है। लोग अपने मन से शटर बंद कर रहे हैं।

कोलकाता में भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रही लेफ्ट पार्टियों ने जादवपुर में रेल रोकी। लेफ्ट पार्टियों ने कोलकाता के जादवपुर में किसानों के भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।

दिल्ली के बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने आज सुबह अरदास की।