
नई दिल्ली। देश वासियों के लिए बुरी खबर है। साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता, हिंदी भाषा के प्रख्यात लेखक और कवि मंगलेश डबराल का बुधवार को कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया है। उनकी हालत पिछले कुछ दिनों से नाजुक बनी हुई थी। गाजियाबाद के वसुंधरा के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। मंगलेश डबराल समकालीन हिन्दी कवियों में सबसे चर्चित नाम हैं। मंगलेश डबराल मूलरूप से उत्तराखंड के निवासी थे। उनका जन्म 14 मई 1949 को टिहरी गढ़वाल के काफलपानी गांव में हुआ था। उनकी शिक्षा-दीक्षा देहरादून में ही हुई थी। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है।