किसानों का धान 2050 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा

झारखंड
Spread the love

  • राज्य सरकार प्रति क्विंटल दे रही 182 रुपये बोनस
  • 1 दिसंबर से सभी केंद्रों पर शुरू की जाएगी खरीद

रांची । किसानों से 2050 रुपये प्रति क्‍व‍िंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। धान खरीद में राज्‍य सरकार 182 रुपये प्रति क्‍विंटल बोनस दे रही है। धान की खरीद सभी केंद्रों पर एक दिसंबर से शुरू हो जाएगी।

रांची उपायुक्‍त छवि रंजन के निर्देश के आलोक में 30 नवंबर, 2020 को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला गोदाम प्रबंधक और जिला सहकारिता पदाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों के धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नामकुम, ओरमांझी और सिल्ली प्रखंड का भ्रमण कर धान खरीद केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी नामकुम, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

बीडीओ को केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश

1 दिसंबर से सभी केंद्रों पर किसानों से धान क्रय किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उपायुक्त ने सभी बीडीओ को केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी सीओ को छूटे हुए किसानों का निबंधन कराने का भी निर्देश दिया।

जिले में 23 धान खरीद केंद्र बनाए गए

इस वर्ष रांची जिले के सभी प्रखंडों में लैम्प्स के माध्यम से धान खरीदने के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं। धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर सहकारिता विभाग के पदाधिकारी एवं जनसेवकों की प्रतिनियुक्त की गयी है। रांची जिले में 6 राइस मिल को धान प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है। सभी राइस मिलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

धान 2050 रुपये प्रति क्विंटल लिया जाएगा

सरकार द्वारा किसानों से धान खरीदने के लिए वर्ष 2020-21 के लिए 1868 रुपये प्रति क्विंटल (सामान्य धान का समर्थन मूल्य) निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा 182 रूपये प्रति क्विंटल बोनस निर्धारित किया गया है। इस प्रकार 2050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी।