हेमंत सरकार की विफलताओं पर BJP जारी करेगी श्वेत पत्र

झारखंड
Spread the love

विधानसभा सत्र में पार्टी प्रस्ताव पर राय देगी

रांची । भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें नेता विधायक दल और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सुनील सिंह, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, जयंत सिन्हा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, डॉ रविन्द्र कुमार राय, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा शामिल हुए।

प्रेस से बात करते हुए राज्य सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि कोर कमेटी ने हेमंत सरकार की 9 महीनों की नाकामियों, आर्थिक अराजकता की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने का निर्णय लिया है। इसके लिय प्रदेश अध्यक्ष ने हजारीबाग के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा को जिम्मेवारी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिये पूर्व की सरकार पर दोषारोपण करती रहती है। पार्टी श्वेत पत्र के माध्यम से यह बताएगी की इन्होंने 9 महीनों में क्या किया। पार्टी श्वेत पत्र के माध्यम से राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।

विधानसभा के विशेष सत्र के प्रस्ताव के सबंध में बोलते हुए श्री मुंडा ने कहा कि पार्टी या विधायक दल को इसकी सूचना केवल प्रेस के माध्यम से ही प्राप्त हो रही। अभी तक इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी ना तो सरकार के स्तर पर और ना विधानसभा स्तर पर प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर को सदन पटल पर जो भी प्रस्ताव आएगा, उसपर पार्टी बिंन्दुवार अपनी राय स्पष्ट करेगी। अभी कुछ भी कहना यह जल्दबाजी होगी। क्या और किस बिंदु पर प्रस्ताव आएगा, यह जानकारी में नहीं है।