विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। जिले में शनिवार को सड़क हादसे में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार विधायक अनंत प्रताप देव श्री बंशीधर नगर में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना में घायल उमेश मेहता का हालचाल जानने गढ़वा जा रहे थे। इसी दौरान रमना-श्रीबंशीधर मुख्य मार्ग पर सीरियाटोंगर मोड़ के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार वाहन (यूपी 40डी 1875) अचानक अनियंत्रित हो गई। विधायक के काफिले की ओर बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनियंत्रित वाहन ने पहले विधायक के स्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर मारी, इसके बाद उनकी गाड़ी से भी टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि विधायक की गाड़ी में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान कमांडर वाहन में सवार एक महिला घायल हो गई। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। विधायक अनंत प्रताप देव ने घायल महिला की मदद के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही विधायक के समर्थक व शुभचिंतक उनके आवास पर जुटने लगे। सभी ने उनके सुरक्षित होने पर राहत जताई। चिकित्सकों के अनुसार, विधायक पूरी तरह स्वस्थ हैं। किसी प्रकार के खतरे से बाहर हैं।


