शादी तुड़वाने के लिए रची साजिश, प्रेमिका समेत युवक गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

विश्वजीत कुमार रंजन

श्री बंशीधरनगर (गढ़वा)। झारखंड के गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के नरखोरिया कलां में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां शादी एक युवक ने 51 वर्षीय उमेश मेहता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों में धर दबोचा। साजिश में शामिल युवती को भी गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 28 मार्च की है। अज्ञात अपराधी ने उमेश मेहता को गोली मार दी, जो उनके बाएं कंधे में लगी। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए भेजा गया। मामले में नगर उंटारी थाना कांड संख्या 65/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान स्थानीय युवक मिठू जायसवाल की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच किनारे बोंगासी गांव के पास संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपनी पहचान बोकारो निवासी संदीप कुमार सिंह (26) के रूप में बताई। अपराध स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया।

प्रेम प्रसंग बनी वारदात की वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी संदीप कुमार सिंह का भवनाथपुर थाना क्षेत्र की एक युवती से वर्ष 2021 से प्रेम संबंध था। इस बीच युवती की शादी उमेश मेहता के बेटे से तय हो गई। शादी से बचने के लिए दोनों ने मिलकर साजिश रची कि यदि लड़के या उसके परिवार पर हमला किया जाए तो शादी टूट जाएगी।

योजना के तहत संदीप 27 मार्च की रात बोकारो से गढ़वा पहुंचा। युवती से संपर्क किया। अगले दिन वह नगर उंटारी पहुंचा। लक्षित युवक का इंतजार करने लगा। युवक के नहीं मिलने पर उसने दुकान पर बैठे उमेश मेहता को ही सिगरेट मांगने के बहाने गोली मार दी।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप कुमार सिंह के साथ युवती रजनी मेहता (24) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल सहित कई सामान बरामद किए हैं।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत पीसीआर वैन के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *