विवेक चौबे
गढ़वा। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति ने जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय +2 उच्च विद्यालय का शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कक्षा में जाकर छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। शिक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करके ही लोग महान बन सकते हैं। मन लगाकर पढ़ें, जिससे इस क्षेत्र का नाम रौशन हो।
विद्यालय प्रांगण में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण कई प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है। चहारदीवारी निर्माण और विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता को भेजकर जल्द ही प्राक्लन तैयार कराने की बात कही।
वर्ग 1 से वर्ग 8 तक के छात्र-छात्राओं को कमरे के अभाव में काफी परेशानियां उठानी पड़ती है। इसे लेकर शिक्षकों ने कहा कि उच्च विद्यालय के प्रांगण में बने नवनिर्मित भवन को दे दिया जाता तो समस्या दूर हो जाती। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि इसके लिए आदेश पारित किया जाएगा। कुछ समय लगेगा।
निरीक्षण के क्रम में सभी शिक्षकों के बीच आपस में सामंजस्य नहीं रहने का मामला प्रकाश में आया। इसके कारण विद्यालय में शैक्षणिक कार्य बाधित है। उन्होंने सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं को आपस में सामंजस्य बनाकर रहने का निर्देश दिया, जिससे विद्यालय संबंधित किसी प्रकार की कोई भी समस्या सामने नहीं आए।
विद्यालय प्रांगण में लगे जल मीनार से जलजमाव को दूर करने के लिए सोखता निर्माण कराने का निर्देश बीआरसी को दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी का विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विद्यानि बाखला और शिक्षिकाओं ने बुके व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। अध्यनरत सभी छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं से रूबरू होते हुए विद्यालय संबंधित कई विषयों पर वार्डन चंद्रावती सिंह के साथ चर्चा की। इस संबंध में अनीता पूर्ति ने बताया कि सब कुछ संतोषजनक पाया गया।
मौके पर शिक्षक मोहम्मद समी, रामप्रसाद पाठक, दिनेश यादव, उदय कुमार, नागेंद्र प्रसाद गुप्ता, उमेश प्रसाद, उपेन्द्र राम, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार, प्रधान लिपिक ओम प्रकाश कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।