झारखंड से होकर गुजरेगा दिल्‍ली जाने वाले किसानों का जत्‍था

झारखंड
Spread the love

  • स्‍वागत के लिए बनी कमेटी

रांची। आजाद भारत के पहले ऐतिहासिक और लंबे किसान आंदोलन ने 50 दिन पूरे कर लिए हैं। दिल्ली की हाड़ कंपाती ठंड, बारिश और तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए तीनों कृषि व्यापार कानूनों को वापस लेने और एमएसपी की गारंटी का कानून बनाने की मांगों को लेकर लाखों किसान डटे हैं। सरकार के अहंकारी रवैये और सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी के खिलाफ देश भर के किसानों का रोष बढ़ता जा रहा है। उक्‍त बातें किसान आंनदोलन का समर्थन कर रहे राजनीति और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों ने कही।

प्रतिनिधियों ने कहा कि देश के हर राज्य से किसान 26 जनवरी की रैली में भाग लेने के लिए दिल्ली कूच करने लगे हैं। ओडिशा से लगभग एक हजार किसानों का जत्था 15 जनवरी को भुवनेश्वर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा। यह किसान जत्था बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से गुजरता हुआ 21 जनवरी को दिल्ली पंहुचेगा। झारखंड में यह जत्था 16 जनवरी को रहेगा। जमशेदपुर और रांची में किसानों के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली गई है। रांची में यह जत्था 16 जनवरी की शाम पंहुचेगा। किसानों को रिंग रोड स्थित कमड़े (रातू रोड़-रांची) में गुरु गोविन्द सिंह पब्लिक स्कूल भवन में ठहराया जाएगा। 17 जनवरी की सुबह किसान जत्था मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी को नमन करने के बाद आगे की यात्रा पर रवाना होगा।

किसानों के रात्रि विश्राम, लंगर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था रांची के गुरुद्वारा सिंह सभा कर रहा है। सिख फेडरेशन के सहयोग से हो रहा है। इसके अतिरिक्त झारखंड सरकार के मंत्री रामेश्वर उरांव, बादल पत्रलेख और आलमगीर आलम ने नैतिक समर्थन दिया है। उन्‍होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि तीनों कृषि व्यापार कानूनों को अविलंब वापस लेकर एमएसपी की गारंटी देने का कानून बनाए। ये कानून सिर्फ पूंजीपति घरानों के फायदे के लिए बनाए गए हैं। उन्‍होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से भी आग्रह किया कि गठित कमेटी को भंग कर दें। 

झारखंड में किसानों के स्वागत के लिए स्वागत समिति का गठन किया गया है। समिति में दयामनी बरला, अशोक वर्मा, ज्योति सिंह मथारू, प्रेमचंद मुर्मू, प्रकाश विप्लव, नदीम खान, सुशांतो मुखर्जी, अजय सिंह, जगदीश साहू, राजेश यादव, उमेश नजीर, प्रफुल्ल लिंडा, अलोका, समीर दास, शिवा कच्छप, फ़ादर सोलोमन, श्रीनिवास और रवि टोप्पो शामिल हैं।