मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगाई गुहार, मुजरिम हूं तो सजा सुना दें

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में कृत्रिम बवंडर बनाया जा रहा है। यह भारत की पहली घटना होगी कि एक मुख्यमंत्री खुद राज्यपाल और चुनाव आयोग से हाथ जोड़कर एक सीएम को क्या सजा मिलनी चाहिए, उसका आग्रह कर रहा है। वह 15 अक्‍टूबर को रांची स्थित अपने आवास पर प्रेस से बात कर रहे थे।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हमारे विरोधियों द्वारा षड्यंत्र रचने का काम किया जा रहा है। अगर मैं मुजरिम हूं तो हमें सजा सुना दी जाए। अगर मैं गुनहगार हूं और इतने दिनों तक सजा नहीं सुनाई जा रही है तो मैं इस पद पर किस हैसियत से बैठा हूं? इसका जवाब उनको देना है।

सीएम ने कहा कि खुद के ऊपर लगे आरोपों और चुनाव आयोग के पत्राचार के सिलसिले में वह खुद राजभवन जा चुके हैं। राज्‍यपाल से हाथ जोड़कर आग्रह कर चुके हैं कि कोई सजा बता दें। महागठबंधन के लोग भी वहां गये हैं। हालांकि अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

हेमंत ने कहा कि अब आरटीआइ की मदद ली गयी है। जवाब नहीं मिलने पर कोर्ट में फरियाद करेंगे। क्या यह नहीं माना जाए कि जवाब नहीं देकर ही आरोपी को सजा दी जा रही है। तब तक क्या यह मान लिया जाना चाहिए कि संवैधानिक पद पर एक अपराधी बैठा है।

सीएम ने कहा कि अब जिस तरह से केंद्रीय एजेंसियां काम कर रही हैं, इससे दिखता है कि उसमें पारदर्शिता, स्वायत्ता का स्तर कम हो गया है। इससे ऐसा लगता है कि उनके पीछे कोई शक्ति है, जो अपनी चीजों को करा रही है।