गोड्डा। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद इन दिनों चर्चा में हैं। ईडी की छापेमारी, निलंबित आईएएस पूजा सिंघल प्रकरण सहित अन्य मुद्दों पर वे लगातार ट्विट कर रहे हैं। अब उनके क्षेत्र के एक युवक ने उन्हें ट्विट किया। उसने कहा कि गोड्डा में मनरेगा में काफी घोटाले हुए हैं। इसपर भी ट्विट कर दें। इसपर सांसद ने एक्शन लिया। केंद्रीय मंत्री को लिख दिया।
नजीरुद्दीन अंसारी नामक युवक ने अपने ट्विटर अकाउंट से उन्हें ट्विट कर लिखा, ‘आदरणीय श्री@nishikant_dubey जी मनरेगा घोटाले के संबंध में भी थोड़ा ट्वीट कर दिया कीजए। गोड्डा जिला में भी काफी घोटाला हुआ है।‘
उस युवक ने अपने ट्विट के साथ झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को लिखे एक पत्र और तस्वीर को भी टैग किया है। इसकी प्रतिलिपि उसने उपायुक्त, मनरेगा आयुक्त, पोड़ैयाहाट के प्रखंड विकास पदाधिकारी और सांसद निशिकांत दूबे को भी दी है।
युवक ने पत्र में लिखा है कि पोड़ैयाहाट प्रखंड की चतरा पंचायत के मुर्गाबनी गांव में मनरेगा के तहत एक कूप का निर्माण किया गया है। यह कूप पूर्व में विधायक फंड से बनाया गया है। उसी कूप और योजना के नाम पर जियाउल अंसारी के नाम से मनरेगा से लगभग 1,64,961 रुपये की अवैध निकासी की गई है।
युवक ने लिखा है कि उन्होंने तत्कालीन उप विकास आयुक्त चंदन कुमार से इसकी शिकायत की थी। उन्होंने पोड़ैयाहाट के प्रखंड विकास पदाधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। इस बीच उनका तबादला हो गया। वर्तमान विकास आयुक्त संजय कुमार सिन्हा को बार-बार लिखित आवेदन देने के बाद भी वे कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
युवक के इस ट्विट पर सांसद निशिकांत दूबे ने इसकी ईडी और सीबीआई जांच की मांग कर दी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को इसे री ट्विट करते हुए लिखा, ‘आदरणीय @girirajsinghbjp जी मैंने आपको MGNREGA @जो मेरे ज़िले गोड्डा व देवघर में हुआ था का पत्र लिखा था, यह घोटाला पूजा सिंघल को भी मात दे रहा है @MoRD_GoI से यह आग्रह है कि @dir_ed व CBI को यह केस दिया जाए। झारखंड सरकार तो डकैतों के साथ ही है।‘