नई दिल्ली। देश की राष्ट्रीय राजधानी में हनुमान जन्मोत्सव के दौरान शोभा यात्रा पर पथराव किया गया है। इस घटना में आम लोगों सहित कई पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना हे। उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी को खंगाल रही है। इलाके की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में 16 अप्रैल को हुई। यहां हनुमान जन्मोत्सव पर शोभा यात्रा निकालते समय दो पक्षों में हंगामा हुआ। इस दौरान पथराव भी किया गया। घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इस दौरान कई गाड़ियों को निशाना बनाया गया। उसमें तोड़फोड़ भी की गई है।
पथराव में घायल हुए लोगों को जहांगीरपुरी से बाबू जगजीवन राम अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपद्रवियों की पहचान करने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
पथराव की घटना पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखनी है, क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। एजेसिंया, पुलिस और दिल्ली में केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है तो केंद्र सरकार दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे।
दिल्ली पुलिस के सीपी राकेश अस्थाना ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसके साथ ही पूरी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में विशेष तैनाती की गई है। दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हम आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।