लोगों की जान बचाने के लिए जगराहा डैम में घंटों किया जल सत्याग्रह

झारखंड
Spread the love

लातेहार। लोगों की जान बचाने के लिए माकपा कार्यकर्ताओं ने जगराहा डैम में 27 जनवरी को घंटों जल सत्याग्रह किया। इस क्रम में कार्यकर्ता को ठंड लगी। सीओ और थानेदार ने सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर वार्ता किया। आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया। इसके बाद जल सत्याग्रह समाप्त किया गया।

झारखंउ के लातेहार जिले के चंदवा स्थित टोरी स्टेशन में फ्लाई ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर माकपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जगराहा डैम में हाड़ कंपाने वाली ठंढ पानी में घंटों रहकर जल सत्याग्रह किया। जल सत्याग्रह का नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ नेता अयुब खान, जिला सचिव सुरेन्द्र सिंह ने किया। इसमें शामिल कार्यकर्ता फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू करो, फुट ओवरब्रिज निर्माण चालू करो, केंद्र, राज्य सरकार और रेल अधिकारी होश में आओ नारे लगा रहे थे।

सत्याग्रह के क्रम में पार्टी कार्यकर्ता असफाक असारी को ठंड लग गई। उसे इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। उसका इलाज डॉ तरूण जोश लकड़ा ने किया। घंटों ठंड में रहने के कारण पार्टी के वरिष्ठ नेता अयुब खान का भी रक्तचाप बढ़ गया। डॉ तरूण ने इन्हें ठंड से बचने, दवा लेने, रेस्ट में रहने की सलाह दी।

जल सत्याग्रह स्थल पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, अंचलाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह सदल बल पहुंचे। फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण में हो रहे कार्रवाई के बारे में बताया। प्रक्र‍िया तेज करने का आश्वासन देते आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया। इसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता अयुब खान और जिला सचिव सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि टोरी जंक्शन में फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 3 अप्रैल, 2021 में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद सुनील सिंह, विधायक बैद्यनाथ राम की उपस्थिति में शिलान्यास किया था। अबतक ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ब्रिज नहीं बनने से रेलवे क्रॉसिंग फाटक जाम में फंसकर मरीज असमय दम तोड़ रहे हैं। क्रॉसिंग जाम में फंसकर लोगों की लगातार मौत हो रही है। जाम के कारण जिंदगी मौत से जूझ रहे मरीज क्रॉसिंग जाम पर ही आधे आधे घंटे फंस जा रहे हैं। अस्पताल पहुंच ही नहीं पा रहे हैं और उनकी मौत रेल फाटक पर ही हो जा रही है।

टोरी रेल रूट पर अनवरत रेल परिचालन होने से क्रॉसिंग फाटक हमेशा बंद रहता है। लोगों को आने-जाने के लिए दो-तीन मिनट फाटक खुलता है। फिर बंद कर दिया जाता है। चौबीस घंटे में करीब दो घंटे फाटक खुलता है। क्रॉसिंग जाम से छोटी बड़ी हजारों गाड़ियां और लाखों आमजन प्रतिदिन बुरी तरह प्रभावित और त्रस्त हैं। इस स्टेशन से रेल विभाग को हर माह करोड़ों रुपए का राजस्व मिलता है। यहां ग्रामीणों को सुविधा मुहैया कराने के बजाय रेलवे विभाग क्रॉसिंग पर बीमार लोगों की जान ले रहा है।

शहरवासी कई दशकों से ओवरब्रिज का इंतजार कर रहे हैं। ओवरब्रिज का शिलान्यास नौ माह पहले हुआ था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। फ्लाई ओवरब्रिज का निर्माण होने से शहरवासियों समेत हजारों छोटी बड़ी वाहनों और लाखों लोगों को रेलवे क्रॉसिंग फाटक जाम से मुक्ति मिलेगी। बीमार लोगों को क्रॉसिंग जाम से जान गंवानी नहीं पड़ेगी,

स्टेशन के पश्चिम में हाई स्कूल, प्लस टू उच्च विद्यालय, मिशन स्कूल, गर्ल स्कूल, प्रखंड कार्यालय जाने वाली रास्ते में फुट ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने से पढ़ने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। इनके जान का खतरा बना रहता है।

कार्यक्रम स्थल पर उपायुक्त अबु इमरान के नाम ज्ञापन अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को सौंपा गया। इसमें टोरी जंक्शन में फ्लाई ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराने एवं स्टेशन के पश्चिम में फुट ओवरब्रिज का काम चालू कराने की मांग की गयी है।

जल सत्याग्रह में माकपा के वरिष्ठ नेता अयुब खान, जिला सचिव सुरेन्द्र सिंह, अंचल सचिव बैजनाथ ठाकुर, रसीद मियां, मनु उरांव, द्वारि‍का ठाकुर, पचु गंझु, साजि‍द खान, वार्ड सदस्य राजु कुमार साहु, इश्‍तेखार खान बड़का, गणेश साव, बि‍नोद उरांव, सुलेन्द्र गंझु, मुन्ना गंझु, गोपी गंझु, ननकु मियां, सनीफ मियां, निरंजन ठाकुर, नंदलाल ठाकुर, असरफूल खान, त्रिभुवन गंझु, युनूस खान, नसीम खान सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।