रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग ने 28 जनवरी से होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा-2021 स्थगित कर दी है। इसका आदेश आयोग ने जारी कर दिया है।
जारी आदेश में आयोग ने लिखा है कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा (L.P.A. No. 13/2022) में 25 जनवरी, 2022 को सुनवाई हुई। इसके आलोक में 28 जनवरी से 30 जनवरी, 2022 तक होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा- 2021 (विज्ञापन संख्या-01/2021) को अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया जाता है। मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा की अगली तिथि बाद में प्रकाशित की जायेगी।
जानकारी हो कि मुख्य परीक्षा रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जानी थी। इसकी प्रशासनिक तैयारी भी पूरी कर ली गई थी। अभ्यर्थियों द्वारा पहले से झारखंड उच्च न्यायालय में मुख्य परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर याचिका दायर की गई थी। उसकी सुनवाई चल रही थी।
अदालत ने 25 जनवरी को याचिका पर सुनवाई की। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद 28 जनवरी से होने वाली मुख्य परीक्षा पर रोक लगाने का आदेश दिया। इसके आलोक में आयोग ने परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी किया।