विवेक चौबे
गढ़वा। एकतरफा प्यार में सनकी प्रेमी ने खौफनाक कदम उठाया। इसे सुनकर आसपास के लोग कांप गये। इसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। घटना मंगलवार को झारखंड के गढ़वा जिले के खरौन्धी थाना क्षेत्र अंतर्गत करिवाडीह गांव में घटी।
उक्त की गांव की 15 वर्षीया छात्रा उच्च विद्यालय के कक्षा-9 में पढ़ती थी। वह अपनी सहेलियों के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। आरोपी सनकी प्रेमी इंताज अंसारी रास्ते में गड़ई टोला के पास पहले से घात लगाकर बैठा था। उसने युवती का रास्ता रोका। जब छात्रा ने उसकी हरकत का विरोध किया, तब इंताज ने चाकू से उसपर वार कर दिया। इससे उसका हाथ कट गया। बचाव को लेकर छात्रा द्वारा संघर्ष किया जाने लगा। इसके बाद इंताज ने देशी कट्टा निकाला और उसके सीने पर दो गोलियां दाग दी। इसके बाद मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। आरोपी युवक लड़की के शरीर पर हथियार फेंक कर फरार हो गया।
यह देख छात्रा की सहेलियां वहां से भाग गयी। परिजनों को जाकर घटना की जानकारी दी। धीरे-धीरे ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी के अनुसार इंताज और छात्रा के बीच करीब एक वर्ष पहले रिश्ता थी। एक बार परिजनों ने उक्त दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इस संबंध में लड़के के परिवार से शिकायत भी की गई थी। तब छात्रा ने अपने प्रेमी से प्रेम संबंध भी तोड़ लिया था।
इसके बाद भी युवक उसे परेशान कर रहा था और रिश्ता बनाए रखने का दबाव भी बना रहा था। बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। इसकी शिकायत भी लड़के के माता-पिता को की गयी थी, जिसके कारण उसे डांट-फटकार मिली थी। इसके बाद वह नौकरी की तलाश में बाहर चला गया। पुनः वापस लौटने पर वह लड़की से रिश्ता रखना चाहता था। जब लड़की ने बात नहीं मानी तब लड़के ने ऐसी दर्दनाक घटना को अंजाम दिया।
सूचना पाकर घटना स्थल पर पुलिस पहुंची। लड़की के परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने का विरोध करने लगे। परिजनों की मांग थी कि पहले आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, तब शव को उठाने दिया जाएगा। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।