जमशेदपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार-2021 में अपनी रैंकिंग को किया बेहतर

झारखंड
Spread the love

  • पूरे भारत के शहरों में पाया 12वां स्थान

जमशेदपुर। जमशेदपुर शहर ने राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कारों में अपनी स्थिति में सुधार करते हुए 12वां स्थान हासिल किया है। 2020 में इसे 13वां स्थान मिला था। दिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार को ये पुरस्कार दिए गए। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओएचयूए) ने ’स्वच्छ अमृत महोत्सव’ नामक कार्यक्रम का आयोजन किया था। 

जमशेदपुर ने 2017 से इन पुरस्कारों में अपनी स्थिति में तेजी से सुधार किया है, क्योंकि यह पहले 64वें स्थान पर था। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व जुस्को) इन पुरस्कारों में शहर की स्थिति को बेहतर करने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के साथ मिलकर काम कर रहा है।

डीसी (पूर्वी सिंहभूम) सूरज कुमार, जेएनएसी के विशेष अधिकारी कृष्ण कुमार और सीनियर जीएम (झारखंड बिजनेस, टाटा स्टील यूआईएसएल) कैप्टन धनंजय मिश्रा ने पुरस्कार संयुक्त ये पुरस्कार ग्रहण किये।

टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक तरुण डागा ने इस उपलब्धि पर जमशेदपुर के नागरिकों की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी। डागा ने कहा, ‘ये पुरस्कार हम सभी यानी शहर के नागरिक, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता, जिला प्रशासन, राज्य सरकार, जनप्रतिनिधि, टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के सामूहिक प्रयास का प्रतिनिधित्व करते हैं। शहर की सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है और ये पुरस्कार हमें राष्ट्र की इस स्वच्छता यात्रा में और बेहतर करने के लिए प्रयास करने को प्रोत्साहित करते हैं।‘

स्वच्छता सर्वेक्षण समूचे भारत के शहरों और कस्बों में स्वच्छता और साफ-सफाई का एक वार्षिक सर्वेक्षण है। इसे ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत शुरू किया गया था। इस वर्ष प्रतियोगिता में 4340 शहरों और 62 कैंट एरिया ने हिस्सा लिया।

इस वर्ष तीन अतिरिक्त पुरस्कार भी मिले हैं

कचरा प्रबंधन (पृथक्करण, प्रसंस्करण, रिसाइकलिंग और स्वच्छता स्थिति) के लिए ‘प्रेरक दौर सम्मान’ पुरस्कार श्रेणी में जमशेदपुर को अनुपम पुरस्कार (स्वर्ण श्रेणी) से सम्मानित किया गया है।

कूड़ा उठाने वालों और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने वाली ‘सफाई मित्र सुरक्षा चुनौती’ पुरस्कार श्रेणी में जमशेदपुर 3 से 10 लाख आबादी की श्रेणी में इंदौर के बाद पूरे देश में दूसरे स्थान पर है।

इसके अलावा जमशेदपुर सिटी को कचरा मुक्त शहर (गारबेज फ्री सिटीज) के स्टार रेटिंग सिस्टम में थ्री स्टार रेटिंग से भी नवाजा गया है।