सरना स्थल में संदिग्ध वस्तु दफनाए जाने के विरोध में सड़क जाम

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। जिले के कचहरी रोड स्थित सरना स्थल में संदिग्ध वस्तु दफनाए जाने के विरोध में गुस्‍साये सरना धर्मावलंबियों ने सड़क जाम किया। जानकारी मिलते तत्काल मौके पर थाना प्रभारी मंटू कुमार, अंचल अधिकारी अरुण कुमार तिर्की, मुखिया राजू उरांव, राजा पड़हा के सोमा उरांव पहुंचे। उन्‍होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया।

लोगों के आक्रोश और मांग को देखते हुए उक्‍त स्‍थल पर जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की गयी। पाया गया कि सरना स्थल से सटी हुई जगह में गाय दफनाया गया है। उसे पुनः निकाल कर ट्रेक्टर से अन्य स्थान पर भेज दिया गया।

अंचलाधिकारी अरुण कुमार तिर्की ने बताया कि‍ बुधवार की देर शाम किसी ने संदिग्ध को दफनाने का कार्य किया है। सरना समाज के लोगों के लिखित आवेदन पर न्याय संगत कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर प्रार्थना सभा सह सम्मेलन का आयोजन होना था। हालांकि खराब मौसम को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख बढ़ा दी गई। अब यह 21नवंबर को होगा।

एक ओर कार्यक्रम की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी ओर काफी जगह रहते हुए भी सरना स्थल के बगल में गाय को दफनाये जाने की निंदा लोगों ने की।