गया। अपराध की आग में झुलस रहे बिहार में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति का एहसास दिलाया है। गया जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड के मौनवार गांव में माओवादियों ने दो महिलाओं समेत 4 लोगों की हत्या कर दी। चारों को घर के बाहर बने खटाल में फांसी लगा दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार मारे गए लोगों में एक ही घर के दो व्यक्ति और उनकी पत्नियां हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद गांव के लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से माओवादियों ने एक घर को बम से उड़ा दिया और मोटरसाइकिल में आग लगा दी। मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं।
माओवादियों ने पर्चा लगाकर कहा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा- ए- मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये उनके चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। आगे भी ऐसी कार्रवाई चलती रहेगी। उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था।
घटनास्थल पर लगाया गया पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। कोई भी इस विषय में ज्यादा कुछ बताना नहीं चाह रहा। गया मुख्यालय से वरीय अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।
इस मामले पर एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा, ‘नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।’